प्रेम की तहजीब

प्रेम की तहजीब

(The etiquette of love)

- SATYA, 17 Jan 2026.



आज मैं आपसे प्रेम की उस भाषा में बात करना चाहता हूँ जो शोर नहीं करती, जो शिकायत नहीं करती, जो ठहराव, त्याग और ख़ामोशी में अपनी सबसे गहरी सच्चाई कह देती है। हिंदी शायरी में एक विधा है — ग़ज़ल। ग़ज़ल केवल प्रेम की अभिव्यक्ति नहीं है, ग़ज़ल प्रेम को छोड़ देने की हिम्मत भी सिखाती है। यहाँ मोहब्बत का मतलब पाना नहीं, बल्कि सम्मान के साथ दूर हो जाना भी होता है। यहाँ इश्क़ माँगता नहीं है, वह भारी दिल के साथ पीछे हट जाता है।

आज मैं जिस ग़ज़ल की कुछ पंक्तियाँ आपके सामने रख रहा हूँ, यह प्रेम की सबसे ऊँची तमीज़ है।

 तेरी मुश्किल न बढ़ाऊँगा चला जाऊँगा,

अश्क आँखों में छुपाऊँगा चला जाऊँगा।

यह शेर ‘प्रेम की पराकाष्ठा’ है। यहाँ आशिक़ कहता है— “अगर मेरी मौजूदगी तुम्हारे लिए बोझ बन रही है, तो मैं चुपचाप चला जाऊँगा। अपने आँसू भी तुम्हें नहीं दिखाऊँगा।” यह मोहब्बत का सबसे पवित्र रूप है— ऊँचे दर्जे की मोहब्बत जहाँ अपना दर्द भी दूसरे पर न थोपा जाए।

अपनी दहलीज़ पे कुछ देर पड़ा रहने दे

जैसे ही होश में आऊँगा चला जाऊँगा।

यह शेर हमें ‘ठहराव’ का अर्थ सिखाता है। इंसान जब टूटता है, तो उसे थोड़ा समय चाहिए— अपने आप को समेटने का, अपने टुकड़ों को इकठ्ठा करने का। यह प्रेम में आख़िरी गुज़ारिश है, कोई ज़िद नहीं। यह अंतिम विनम्र निवेदन है।

ख़्वाब लेने कोई आए कि न आए कोई

मैं तो आवाज़ लगाऊँगा चला जाऊंगा।

यहाँ प्रेम ‘उम्मीद’ करता है, लेकिन दबाव नहीं डालता। आवाज़ देना उसका प्रेम है, लेकिन रुक जाना उसकी मजबूरी नहीं।

 चंद यादें मुझे बच्चों की तरह प्यारी हैं

उनको सीने से लगाऊँगा चला जाऊँगा।

इस शेर में ‘बिछड़ने के बाद की दुनिया’ है। सब कुछ छिन जाता है, बस कुछ यादें बचती हैं, जो बच्चों की तरह मासूम और अनमोल होती हैं। इन्हें कोई छीन नहीं सकता। इन्हीं को सीने से लगाकर इन्हीं के सहारे जीवन आगे बढ़ता है।

मुद्दतों बाद मैं आया हूँ पुराने घर में

ख़ुद को जी भर के रुलाऊँगा चला जाऊँगा।

‘टूटना’— यह पंक्ति हमें सिखाती है कि रोना कमज़ोरी नहीं है। कुछ रिश्तों को विदा करने के लिए ख़ुद के सामने टूटना ज़रूरी होता है। आप अपने प्रेमी के सामने नहीं रो सकते क्योंकि आप उनको दर्द नहीं पहुँचाना चाहते, पर अकेले में टूटना बहुत ज़रूरी होता है।

इस जज़ीरे में ज़ियादा नहीं रहना अब तो

आजकल नाव बनाऊँगा चला जाऊँगा।

यह शेर ‘आत्मनिर्भरता’ का प्रतीक है। जब ठहरना दर्द देने लगे, तो इंसान अपनी नाव ख़ुद बनाता है और नए सफ़र पर निकल पड़ता है।

मौसम-ए-गुल की तरह लौट के आऊँगा

हर तरफ़ फूल खिलाऊँगा चला जाऊँगा।

इसे कहेंगे - 'Ending on happy terms' । यह कहता है, आज जा रहा हूँ, लेकिन टूटकर नहीं। जब लौटूँगा, तो ख़ुशियों के साथ लौटूँगा। मैं भी खुश रहूँगा और तुम भी खुश रहना।

मित्रों, यह ग़ज़ल हमें सिखाती है कि सच्चा प्रेम बाँधता नहीं, मुक्त करता है। और कभी-कभी सबसे ख़ूबसूरत मोहब्बत वही होती है जो ख़ामोशी से विदा हो जाए। और अंत में बस इतना ही कहना चाहूँगा - हर प्रेम को मुकम्मल होना ज़रूरी नहीं, हर कहानी का अंत मिलन ही हो - यह भी ज़रूरी नहीं। कुछ अधूरी रहकर हमारे भीतर ज़िंदा रहती हैं, हमें बेहतर इंसान बनाती हैं, और सिखाती हैं कि छोड़ देना भी प्रेम का ही एक रूप है।

अंत में, किसी ने कहा था, “कुछ कहानियाँ अधूरी ज़्यादा ख़ूबसूरत होती हैं।

Comments

Popular posts from this blog

मेरा संबंध